How to make a good personality?
Table of Contents
एक अच्छी शक्शियत कैसे बनाएं? (How to make a good personality?) : हमारा व्यक्तित्व हमारे विचारों की झलक होता है। इसलिए हमें अपने विचारों को हमेशा उचित दिशा प्रदान करनी चाहिए। यह हमारे ऊपर है की हम अपने दिमाग में किस प्रकार के विचार पनपने देते हैं। इन विचारों से ही हमारी आदतों का निर्माण होता है। हमारी आदतें ही हमारे व्यक्तित्व को परिभाषित करती हैं। ये हमारी आदतें ही हैं जो हमको या तो अच्छे व्यक्तित्व का धनी बनाती हैं या फिर बुरे व्यक्तित्व का। यहाँ हम कुछ ऐसी आदतों के बारे में पढ़ेंगे, जिनसे हमारे व्यक्तित्व का निर्माण होता है।
1. सोच समझ कर बोलें:
हम जब भी कुछ बोलें तो हमेशा पहले यह सोच लें कि क्या इन शब्दों का प्रयोग करना आवश्यक है? इन शब्दों से किसी के मन को या भावनाओं को ठेस तो नहीं पहुंचेगी। हमेशा यह याद रखना चाहिए की जिस प्रकार कमान से निकलने के बाद तीर कभी वापस नहीं आ सकता, ठीक उसी प्रकार हमारे द्वारा बोले गए शब्द हमेशा के लिए अपनी गूंज छोड़ जाते हैं। हम बाद में माफ़ी भी मांग लेंगे परन्तु हम उन शब्दों को कभी भी वापस नहीं ले सकते। इसलिए बोलने से पहले हमेशा सोचना चाहिए।
2. हमेशा कुछ नया ज्ञान प्राप्त करते रहें:
व्यक्तित्व विकास के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण है की आप हमेशा कुछ नया सीखते रहें। अपने ज्ञान में निरंतर वृद्धि करते रहें। आपका ज्ञान आपको बोलने की शक्ति देता है। जब हमारे पास बोलने के लिए उस विषय पर ज्ञान ही नहीं होगा तो हम अक्सर या तो बहस करेंगे या फिर बेकार के तर्क करेंगे। परन्तु यदि हमें उस विषय की समझ है तो हम उस विषय पर उचित तर्कों के साथ विचार विमर्श कर सकते हैं। इससे हमारे व्यक्तित्व में निखार आता है।
3. बिना सोचे समझे किसी वाद विवाद में न पड़ें:
जब तक पूरी बात को समझ न लो तब तक किसी भी विवाद में न पड़ें। कुछ लोग बिना पूरी बात को समझे ही बहस में पड़ जाते हैं। और बिना कुछ सोचे समझे ही काफी कुछ कह जाते हैं। जब हकीकत सामने आती है तो उन्हें बहुत शर्मिंदा होना पड़ता है।
How to make a good personality?
4. सहायता का दृष्टिकोण रखें:
हमेशा दूसरों की सहायता करे की सोचें। जरूरतमंद की सहायता करना सबसे बड़ा धर्म है। मनुष्यता की सेवा करना इंसान का परम कर्तव्य है। इसलिए जब कभी भी मौका मिले तो हमेशा दूसरे व्यक्तियों की सहायता करें। किसी की सहायता करने से आपको मानसिक शांति मिलती है। इससे आपके व्यक्तित्व का विकास होता है।
How to make a good personality?
5. जलन से बचें:
कभी भी किसी से किसी चीज या धन, नौकरी आदि की जलन न करें। जो आपके पास है उससे संतुष्ट रहे। यदि आप दूसरे से जलन ही करते रहेंगे तो आप कभी भी खुश नहीं रह पाएंगे। आप हमेशा उसी चीज के बारे में सोचते रहेंगे। इससे आप अपनी जिंदगी की खशियों में भी ग्रहण लगा देंगे। आप अपने आप से खुश रहे। इससे आपके आस पास रहने वाले लोगों पर बहुत सकारात्मक असर पड़ता है।
6. कभी भी किसी इंसान का मजाक न बनाएं:
किसी भी इंसान का मजाक न बनाएं। मजाक का स्तर इतना न गिराएं की सामने वाले व्यक्ति के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचे। हंसना आवश्यक है परन्तु यह हंसी किसी के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाकर नहीं आनी चाहिए। हर किसी के अंदर आत्मसम्मान होता है। इसलिए हमेशा यह ध्यान रखें की मजाक केवल चीजों या बातों तक ही सीमित रखें, किसी इंसान का मजाक कभी न बनाएं। इससे आपके व्यक्तित्व पर बहुत ही नकारात्मक असर होता है।
7. क्रोध पर नियंत्रण रखें:
क्रोध सामने वाले इंसान से अधिक खुद को ही नुक्सान पहुंचता है। जिस प्रकार यदि हम किसी पर गर्म कोयला उठाकर फेंके तो, उससे पहले हमारा हाथ ही जलता है। ठीक उसी प्रकार जब हम क्रोध कर रहे होते हैं तो हम अपना अधिक नुक्सान करते हैं। क्रोध हमारे सोचने समझने की शक्ति को क्षीण कर देता है। और क्रोध में हम अक्सर ही गलत फैसले करते हैं।
8. अच्छे वक्ता के साथ अच्छे श्रोता भी बनें:
हमें अपने विचारों को साझा करना चाहिए। लेकिन सामने वाले इंसान को भी सुनना चाहिए। जब हम कहीं पर अपनी बात रख रहे हों तो हमको केवल अपनी ही नहीं हांकनी चाहिए। बल्कि सामने वाले इंसान को भी अपनी बात रखने का मौका देना चाहिए। और उसके विचारों को भी सुनना चाहिए। यदि हम चाहते हैं कि कोई हमारी बात भी सुने तो उसके लिए हमें भी सामने वाले की बात को सुनना चाहिए।
9. किसी का अपमान न करें:
किसी का भी अपमान करना एक आदर्श शक्शियत के लिए कभी भी उचित नहीं हो सकता। आप यदि किसी से किसी बात से असहमत हैं तो इसका यह अर्थ कदापि नहीं है की आप उसका अपमान करें। असहमत होना अलग बात है और अपमान करना अलग। बात करते समय हमेशा शब्दों की मर्यादा का विशेष ध्यान रखें। शब्द एक बार बोलकर दोबारा वापस नहीं लिए जा सकते। इसलिए ऐसे शब्दों का प्रयोग न करें जिससे किसी का अपमान होता हो।
Tips for a good personality.
10. मुस्कुराने की आदत डालें:
मुस्कराहट किसी के मन में अपने प्रति नजरिया बनाने का सबसे बेहतरीन जरिया है। जब आप किसी से हंस कर मिलते हैं, तो आप अपने आस पास एक अच्छा और खुशनुमा माहौल विकसित करते हैं। जिससे सभी को एक सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। लोग ऐसे इंसान के साथ अक्सर समय बिताना पसंद करते हैं, जो खुश रहना और खुशियों को बांटना जानता हो।
How to make a good personality?
11. हमेशा सकारात्मक नजरिया रखें:
हर कार्य के प्रति एक सकारात्मक नजरिया हमें अपने काम में सफलता पाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम आधे वहीँ पर जीत जाते हैं, जब हम यह विश्वास के साथ कहते हैं, की हम इस कार्य को कर सकते हैं। सकारात्मकता के साथ शुरू किए गए कार्य के परिणाम भी सकारात्मक होते हैं। जो लोग अक्सर नकारात्मक बातें करते हैं और हर कार्य में ‘ये कैसे होगा’, ‘नहीं हो सकता’ ‘कैसे संभव है’ ‘इतनी मेहनत कौन करेगा’ जैसे वाक्यों का प्रयोग करते हैं। उनसे लोग अक्सर दूरी बनाना पसंद करते हैं।
12. किसी की झूटी तारीफ न करें:
किसी की तारीफ करना अच्छी बात है, लेकिन तारीफ सच्ची होनी चाहिए। झूटी तारीफ से हमेशा बचना चाहिए। सामने वाले इंसान को पता चल जाता है कि आप तारीफ झूटी कर रहे हैं या सच्ची। सच्ची तारीफ को हमेशा इज्जत मिलती है। जबकि झूटी तारीफ का मतलब यह होता है कि आप उनसे अपना कुछ काम निकालना चाहते हैं।
13. दूसरों के साथ वही व्यव्हार करें जो आपको अपने लिए पसंद हो:
हम जब अपने लिए सम्मान चाहते हैं तो हमको दूसरों को भी सम्मान देना चाहिए। जब हमें अपशब्दों से तकलीफ होती है तो फिर हमको यह भी समझना होगा की हमारे द्वारा बोले गए अपशब्दों से सामने वाले इंसान को भी तकलीफ होती होगी। यदि हम दूसरों के साथ भी सम्मान जनक शब्दों का प्रयोग करेंगे तो इससे हमारे व्यक्तित्व की विशालता का पता चलता है।
How to make a good personality?
14. हमेशा अपनी तारीफ करने से बचें:
जो व्यक्ति हमेशा अपनी ही तारीफ करता है उसको कोई भी अधिक देर तक पसंद नहीं कर सकता। आप यदि अच्छे हैं, आप अच्छा कार्य करते हैं तो आपका व्यवहार और आपका कार्य खुद ब खुद तारीफ का हकदार होगा। याद रखें सामने की गयी तारीफ से अधिक महत्वपूर्ण, पीठ पीछे की गयी तारीफ होती है। जब लोग आपके पीठ पीछे आपकी तारीफ करते हैं तो उसमे सच्चाई होती है। वह आपके व्यक्तित्व की झलक होती है जो उनको आपकी तारीफ करने के लिए बाध्य करती है। आप अपने आप ही अपने तारीफ न करें। अपने आप तारीफ करने से आपके व्यक्तित्व पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
दोस्तों उम्मीद है की यह लेख “एक अच्छी शक्शियत कैसे बनाएं?” (How to make a good personality?) आपको अच्छा लगा होगा। यदि आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे अन्य व्यक्तियों को भी शेयर कीजिये। जिससे कि उनको भी इस लेख से सहायता मिल सके।
आत्म विश्वास की ताकत के लिए यह लेख भी पढ़ें : आत्म विश्वास की ताकत